• Home
  • Politics
  • Elections
  • बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया संपन्न

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया संपन्न

ALN NEWS DESK
एएलएन न्यूज डेस्क
अपडेटेड : Jul 14, 2026, 12:00 AM IST
5 min read
  • linkedin
  • twitter
  • facebook
  • instagram
  • whatsapp

बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया समाप्त हो गई। प्रशांत किशोर, नीरज सिन्हा और वीणा मानवी ने पर्चा भरा।

बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए सोमवार को नामांकन की प्रक्रिया समाप्त हो गई। आखिरी दिन जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कैंडिडेट नीरज कुमार सिन्हा और जनशक्ति जनता दल (JJD) की प्रत्याशी वीणा मानवी समेत अन्य ने नामांकन किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बांकीपुर सीट से विधायक थे, लेकिन राज्यसभा सांसद बनने के बाद उनके इस्तीफे से यह सीट खाली हुई थी। अब यहां उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा। महागठबंधन से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की उम्मीदवार रेखा गुप्ता पहले ही अपना नॉमिनेशन कर चुकी हैं।

पूर्व चुनावी रणनीतिकार एवं जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने अपनी पत्नी जाह्नवी दास की मौजूदगी में पटना कलेक्ट्रेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। असम की रहने वालीं डॉक्टर जाह्नवी दास आमतौर पर सार्वजनिक जीवन से दूर रहती हैं, लेकिन इस मौके पर वह पीके के साथ नजर आईं। प्रशांत किशोर नामांकन दाखिल करने के लिए एक विशाल जुलूस के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे।

दूसरी ओर, बीजेपी कैंडिडेट नीरज कुमार सिन्हा ने पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पटना साहिब से सांसद रविशंकर प्रसाद तथा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की मौजूदगी में अपना नामांकन किया। 32 साल के नीरज सिन्हा भाजयुमो के नेता हैं। बीजेपी ने उन्हें अभिषेक कुमार सिन्हा बंटी का चुनाव लड़ने से इनकार करने के बाद प्रत्याशी बनाया। अभिषेक ने पिछले सप्ताह बीजेपी प्रत्याशी के रूप में नामांकन कर दिया था। मगर बाद में उन्होंने चुनाव से हटने का ऐलान कर दिया था। इसके बाद पार्टी ने बांकीपुर में अपना कैंडिडेट बदल दिया।

इस बीच, जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) की उम्मीदवार वीणा मानवी को नामांकन दाखिल करने के कुछ ही देर बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पटना (मध्य) की पुलिस अधीक्षक ममता कल्याणी ने बताया, धोखाधड़ी के एक मामले में उनके खिलाफ वारंट जारी था। इसी के चलते उन्हें गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई पर दिल्ली में मौजूद जेजेडी प्रमुख तेजप्रताप यादव ने आपत्ति जताई। उन्होंने वीणा की गिरफ्तारी को सरकार की साजिश करार देते हुए दावा किया कि उनकी पार्टी की उम्मीदवार को झूठे मामले में फंसाया गया है।

Bankipur By Election Nomination LIVE Updates-:

14.14 PM- Bankipur LIVE: वीणा मानवी ने कहा है कि उन्हें फंसाने की कोशिश हो रही है। इधर पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में खुद जेजेडी सुप्रीमो तेज प्रताप यादव भी उतर आए हैं। तेज प्रताप यादव ने कहा है कि उनके प्रत्याशी को फंसाने की यह चाल है।

14.10 PM- Bankipur LIVE: तेज प्रताप यादव की कैंडिडेट वीणा मानवी अरेस्ट

बांकीपुर सीट पर नामांकन के बाद जनशक्ति जनता दल की कैंडिडेट वीणा मानवी को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया। कहा जा रहा है कि यह पूरा मामला साल 2009-2010 का है। वीणा मानवी पर 420 का केस दर्ज था और धोखाधड़ी के आरोप थे।

14.05 PM- Bankipur LIVE: बांकीपुर उपचुनाव के लिए बीजेपी प्रत्याशी नीरज सिन्हा नामांकन कराने पहुंचे। इस मौके पर रविशंकर प्रसाद ने कहा कि जनता बीजेपी के समर्थन में डटी है। जनता जंगलराज के खिलाफ डटी है। इस चुनाव में सरल सोच के हमारे कार्यकर्ता खड़े हैं।

13.50 PM- Bankipur LIVE: बता दें कि जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने साल 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में किसी भी सीट पर चुनाव नहीं लड़ा था। लेकिन पार्टी कोर कमेटी की बीते दिनों हुई बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर खुद पार्टी के उम्मीदवार होंगे। जिसके बाद प्रशांत किशोर ने अब अपना पर्चा दाखिल कर दिया है।

13.40 PM- Bankipur LIVE: बांकीपुर उपचुनाव में जनशक्ति जनता दल की प्रत्याशी वीणा मानवी भी अपनी किस्मत आजमा रही हैं। वीणा मानवी ने अपना पर्चा दाखिल कर दिया है।

13.20 PM- Bankipur LIVE: जनसुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने बांकीपुर उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। प्रशांत किशोर अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे थे।

12.49 PM- Bankipur LIVE: बांकीपुर उपचुनाव के लिए नामांकन के लिए जा रहे नीरज सिन्हा के रोड शो की तस्वीरें सामने आई हैं। सड़क पर बीजेपी कार्यकर्ता लगातार नारे लगाते हुए पैदल आगे बढ़ रहे हैं। कई कार्यकर्ता बाइक से भी आगे बढ़ रहे हैं।

12.46 PM- Bankipur LIVE: बीजेपी उम्मीदवार नीरज सिन्हा ने नवीन सिन्हा पार्क में जाकर नवीन सिन्हा को श्रद्धांजलि दी है। नीरज सिन्हा ने अपने नामांकन से पहले हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना की है। नीरज सिन्हा अपने नामांकन के लिए पटना स्थित बीजेपी कार्यालय से निकल चुके हैं। नीरज सिन्हा दिग्गज बीजेपी नेताओं के साथ गाड़ी पर सवार हैं। कई कार्यकर्ता पैदल और मोटरसाइकिल से पटना की सड़क पर इस गाड़ी के आगे-आगे चल रहे हैं।

10.38 AM- Bankipur LIVE: बता दें कि पटना के बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव इसलिए कराना पड़ा क्योंकि मौजूदा नितिन नवीन को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के बाद राज्यसभा के लिए चुना गया था। नवीन ने भाजपा का गढ़ रही बांकीपुर सीट लगातार पांच बार जीती थी। वो इस सीट से विधायक थे लेकिन राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद यह सीट खाली हो गई थी।

10.18 AM- Bankipur LIVE: पीके ने बीजेपी पर साधा था निशाना

जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार के अपनी उम्मीदवारी वापस लेने के फैसले को अभूतपूर्व बताया था और दावा किया था कि भाजपा के पास काबिल उम्मीदवार की कमी है। अपनी पार्टी के टिकट पर उपचुनाव लड़ रहे किशोर ने दावा किया था कि आम तौर पर, भाजपा के प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार पार्टी के दबाव या डर के कारण चुनावी मुकाबले से हट जाते हैं। प्रशांत किशोर ने कहा था कि संदेश साफ है, लोग अब बदलाव चाहते हैं और अपनी आवाज उठा रहे हैं। इस बार वे भाजपा को उसके ही गढ़ में सबक सिखाएंगे। पार्टी के पास कोई काबिल उम्मीदवार नहीं है।

Get More Updates

To learn more about the latest developments in Elections, stay updated with our exclusive reports and analyses on AiLensNews.

Related News